एक व्यक्ति का जीवन यानी कि उसकी आयु कितनी लंबी होती है? 50 वर्ष? 60 वर्ष? 70 वर्ष या फिर यदि वह हमेशा से काफी हष्ट-पुष्ट रहा हो तो 100 वर्ष के आसपास की उम्र को छू लेता है और दुनिया के सामने एक मिसाल बनता है। क्योंकि आज के जमाने में यदि कोई व्यक्ति 100 वर्ष से ज्यादा उम्र काट लेता है तो उसे रिकार्ड माना जाता है।
दुनिया भर में उसकी प्रशंसा की जाती है तथा उसे विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित भी किया जाता है। लोग उनसे उनकी लंबी आयु के राज पूछते हैं तथा वैज्ञानिक भी उनके ऊपर विभिन्न शोध करके यह पता लगाते हैं कि वे आखिरकार इतना लंबा जीवन काटने में कैसे सफल हुए?
लेकिन इन रिकार्डों से बहुत ऊपर हैं एक योगी। दरअसल उन्हें ‘महायोगी’ कहकर बुलाया जाता था। कहते हैं उनकी आयु 900 वर्ष से भी ज्यादा की थी। जी हां, 100 या 200 नहीं बल्कि 900 वर्ष से भी अधिक।
पहली बार में यह जानकर कोई भी विश्वास नहीं कर सकता है लेकिन लोक प्रचलित कहानियों के आधार पर ही यह बात सामने आई है। भारत के उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में एक योगी रहते थे जिनका नाम था ‘देवरहा बाबा’। कहते हैं कि देवरहा बाबा एक सिद्ध महापुरुष एवं संत पुरुष थे।
दुनिया के कोने-कोने से महान एवं प्रसिद्ध लोग उनके दर्शन करने आते थे। उनके चेहरे पर एक अलग किस्म की चमक थी और लोगों का यह तक मानना था कि बाबा के पास चमत्कारी शक्तियां भी थीं।
लेकिन इन सभी तथ्यों से हटकर जो एक बात हर किसी के मन में आती है कि ‘क्या सच में बाबा की आयु 900 वर्ष से भी अधिक थी’? बाबा की उम्र को लेकर लोगों में अलग-अलग मत प्रसिद्ध हैं। कुछ लोग उनका जीवन 250 वर्ष का मानते हैं तो कुछ का कहना है कि बाबा की उम्र 500 वर्ष की थी।
लेकिन हैरानी तब होती है जब लोग कहते हैं कि उनकी उम्र तो 900 वर्ष से भी अधिक थी।